Sunday, October 16, 2011

आईना

गिलास कुल्लड़ या मटका
सुराही चुल्लू हो चाहे लोटा.
जो भी उसको मायना दे
बस बूँद भर पानी इन्सान
की मजबूरी का आईना है.

Friday, October 14, 2011

नंबर

बचपन में जब पहाड़े रटने होते थे
तब जी भर के नंबरों को कोसते थे.
बड़ा हो अब जब ज़िन्दगी बनानी है,
हर तरह के नंबरों का पीछा करते हैं.

पड़ाव

कुछ आखिरी थके कदम बाकी हैं
चमकीले मंज़र तक पहुँचने मैं
जहाँ से मंजिल दिखने लगती है.
पहुँच जाऊं तो ज़रा दम भरूं के
मंजिल सिर्फ़ दिखी है, मिली नहीं.


Wednesday, October 12, 2011

खौफ

हर पल पन्नों सा पलट रहा है,
पन्ने मगर पूरे पढ़ न पाता हूँ.
खौफ सा बैठ गया है के कहीं,
किताब आधी-पढ़ी न बंद हो जाए.

Tuesday, October 11, 2011

ज़रा

एहसान मांगती हैं मेरा
मुझसे ये दो आँखें मेरी.
अरसा हुआ ख़्वाब देखे,
बस ज़रा सा हमें सोने दो.

Monday, October 10, 2011

नायाब

नायाब थी वो घड़ी.
वो नहीं जो पहन रखी थी.
वो, जो साथ बिताई थी.

Sunday, October 9, 2011

झपक

काली धारदार भौंहें,
तीखी कांपती पलकें,
अक्सर छुपा लेती हैं
वो गहरी भूरी आँखें.

जब खुलें वो सुबह रौशन.
जब मिचीं तो सोती रात. 

Saturday, October 8, 2011

आइएगा

हलकी आहट सी करके, पहलु में चले आइएगा.
कानों में शरारत से, आहिस्ता कुछ फ़र्माइएगा.
इस से पहले में समझूं, कान खींच चले जाइएगा.
भले जाइएगा मगर लौट यूँ ही फिर आइएगा.

Friday, October 7, 2011

नया ख्व़ाब

रोज़ के बासी ख़्वाबों के बजाय
कल एक नया ख्व़ाब देखा है.
खुद को किताब लिए झूले पर
और ख़त्म सारे काम-काज देखा है.

Thursday, October 6, 2011

"मैं सुरमई"

सोचता था जो करुं न करुं
वो आज आखिर कर गुज़रा.
आगे  मोड़ पर  जो रहती थी
उसके घर के सामने जा उतरा.

सायकल दिवार पर सटाके
दरवाज़े पर दो दस्तक दे दी.
किवाड़ खोल अम्मा ने पुछा-
"क्यों, क्या बात है जी?"

सकपका के देखता रहा,
आवाज़ कोई निकली नहीं.
बस दुआ की, वो कहीं से
निकल आ जाये यहीं.

अम्मा चिड़ के फिर बोली-
"अरे कुछ कहो तो सही?"
कुछ कहता, इस से पहले,
सामने आ खड़ी थी वही.

अब अम्मा कहाँ सुनाई दे
हम खड़े बस देखते रहे.
ज़रा देख मुझे उसने कहा-
"अम्मा, ये दोस्त हैं मेरे."

न कभी बात न मुलाक़ात
बस आते जाते दीखते थे.
इतने में ही दोस्ती हुई तो
देखें किस्मत में क्या आगे.

अम्मा मूंह सिकोड़े गई भीतर,
हिचकती मुस्काती वो आगे आ गई.
इस से पहले के मैं नाम पूछता,
उसने खुद कह दिया, "हाई, मैं सुरमई."


फ़िराक

सबको फ़िक्र फ़िराकों की है
उन्ही की फ़िराक में भागते हैं
के ज़िन्दगी निकल न जाए
उन्हें हासिल करने से पहले.

Tuesday, October 4, 2011

खुशबू

कुर्सी पे आधे लेटे लेटे
आँखे हलकी सी मूंदे
वो खुशबू कहाँ की है
आखिर, सोच रहा था.
साँसे और गहरी भरते
आँखें अलसाते खोली.
बचपन की डाइरी के
पन्नों से हवा होकर
मुझपर गुज़र रही थी.
वो पन्ने पलट रहे थे,
खुशबू बचपन की थी.

Monday, October 3, 2011

मज़ा

सब जान अनजान बने रहे
इसमें जो मज़ा है, क्या कहें?

चाँद नगीना

आसमां सजा हुआ निकला है
तारों जड़े काले सूट में आज.
अंगूठी में चाँद नगीना  है
रात उसकी की सगाई है आज. 

Saturday, October 1, 2011

अकेला

दिन भर दफ्तरी बन, श्याम दोस्तों संग ज़रा बातें हो जातीं हैं.
रात घर लौटते मगर सिर्फ किताबें हैं जो राह ताकते रहती हैं.
उनसे गुफ्तगू मगर एक तरफ़ा ही होती है- वो बोलें मैं सुनता हूँ.
अकेला आदमी हूँ, कभी यूँ भी लगता है के मैं कहूँ कोई और सुने.