Wednesday, August 31, 2011
पसंद
एक ख़त लिखने बैठे हैं,
कलम खाली है, दवात नहीं.
स्याही कुछ चार रंगों में है,
पसंद आपकी पर याद नहीं.
Tuesday, August 30, 2011
बोल बोल
हवा सी हलके बोल बोल,
लफ्ज़ हर एक नाप तोल.
जान, इक इक का है मोल,
राज़ हर रुक रुक के खोल.
शीशा आज न साफ़ सही,
हर बात भले ही अनकही.
जो दिल में उसने छुपा रखी,
फिर चीख कहेगा खुद वही.
Monday, August 29, 2011
बूँद बूँद
ज़िन्दगी बूँद बूँद टपकते पानी सी,
लगे भीगी ठंडी चमकते पारे जैसी.
हाथ जितना बटोरो उतनी फिसलती,
जो थोड़ी बटोरो तो जल्द ही छलकती.
हर बूँद गिरने से पहले, उसका ज़ायका चखो,
बस बूँद एक भी ज़ाया न टपकें, ख्याल रखो.
इरादा
पलकों पे कुछ रातों का बोझ है,
आँखें उनके तले अन्दर दबी हुई हैं.
बस दिमाग अब जवाब देने को है,
कुछ न कहो, इरादा मेरा सोने को है.
Saturday, August 27, 2011
भरम
मानुस मानस कहत चला, सकल पृथ्वी परम जनम.
मानस मानुस मार भला, कहूँ सब कुछ अंत भरम.
Friday, August 26, 2011
मंज़िल अपने माने
हर अगले कदम पर दम भरते हैं,
के अगले कदम पर बेदम न हों.
पर बैठ कुछ पल दम नहीं लेते हैं,
कहीं मंज़िल पे पहुँचते देर न हो.
भागते हांफते हुए चलो पहुँच ही गए,
मंज़िल के माने पर सिर्फ किताबी रहे.
जो गर सफ़र फुरसत से किया होता,
तो मंज़िल अपने माने खुद ही कहे.
Thursday, August 25, 2011
शर्म
दो गोरे गोरे गालों पर,
महीन से गड्ढे पड़ते हैं.
जब सुर्ख जुडवा होंठ वो,
यूँ शर्माके हल्के हस्ते हैं.
व्यक्त
व्यक्त किंचित शब्द, निःशब्द
सुप्त भ्रमित, जागृत स्तब्ध.
वाक्य बहुवाच गुंजित, बहुअर्थ
मनुष्य सचेत श्रवण व्यर्थ.
Tuesday, August 23, 2011
बस, ये ही.
थकी आँखें,
थकी साँसें,
थकी धड़कन,
थका सा मन.
न आस दिखे,
न घुटन मिटे,
न चैन पड़े,
न ही राह सूझे.
इक कतरा आंसू,
इक छोटी सिसकी,
इक हल्का दिल,
इक शांत सा मन.
बस, ये ही.
Monday, August 22, 2011
हर मौसम का पहला दिन
हर मौसम का पहला दिन,
मैंने एक एक लिफ़ाफ़े में,
तुमसे छुपाके, सहेज संभाल
तुम्हारी अलमारी में रखा है।
तुम्हारी सालगिरह पर कल,
पिछले साल साथ गुज़ारे
हर मौसम का पहला दिन,
तुम्हे, तोह्फे में देना चाहता हूँ।
आहिस्ता शबनमी हाथों से खोलना
कहीं छूटती हँसी हँसते भाग न जाए
या कबके रोके आँसू बहते निकलते
कहीं
पुरानी कड़वाहटें न बिखेर जाएँ।
दो चीज़ें मगर ज़रूर फूट निकलेंगीं, क्यों कि
न गले लग जाने की और न ही प्यार की
कभी उम्र गुज़रती है।
Sunday, August 21, 2011
याद भी डाक से आया करती
सोचो गर याद भी डाक से आया करती,
और डाकिये चिट्ठी के साथ याद भी बाँटते.
हफ्ते भर चलो सबको यादें पहुँचती होती,
पर छुट्टी इतवार पे क्या कोई याद न आती?
कहानी
लिख लिख आखर सबद बना,सबद सबद जुड़ बाणी.
बाणी कह सुन कथा भई, और कह कह कथा कहानी.
Friday, August 19, 2011
कुछ चन्द ज़रा थोड़े
कुछ चन्द ज़रा थोड़े
लावारिस से ख़याल,
आज राह चलते
अचानक से मिल गए.
कुछ ने कहा-
"बड़े उक्ता से गए हैं,
साथ ले लो हमें."
चन्द बोले-
"कुछ तो अब,
नया सा चाहिए."
ज़रा ने पुछा-
"क्यों भाई साहब,
आप क्या कहते हैं?"
और बाकी थोड़े
उनके साथ खड़े,
सर हिला रहे थे.
अचानक फिर,
हॉर्न की आवाज़ हुई,
और नज़र
हरी बत्ती पर पड़ी.
हफ्ते का बुध,
और दफ्तर का
बेमाना सा एक,
थका लम्बा दिन था.
खुद से ऐसा कुछ,
अलग धलग सा
के अपने ही ख़याल,
अपनी पहचान बताते थे.
Thursday, August 18, 2011
पता नहीं
कुछ तो खोजते हैं लोग,
क्या, खुदको पता नहीं.
वो कहते हैं भगवान् को,
क्यों, खुदको पता नहीं.
भगवान् मिला तो क्या,
आगे, खुदको पता नहीं.
शायद उसका नाम पूछें,
क्या, खुद उसको भी पता नहीं.
तुम तो नहीं?
जो गुज़र रहा, कहते हैं वक़्त है.
जो थम सा गया, वो वक़्त नहीं?
जो अकेली राह चला, वो मैं था.
जो राह मिले, कहीं तुम तो नहीं?
Newer Posts
Older Posts
Home
Subscribe to:
Posts (Atom)