Thursday, September 15, 2011
छोटी छोटी खुशियाँ
छोटी छोटी खुशियाँ
दिन में कई होती हैं.
ज़रुरत बस इतनी है
की हम उन्हें पहचानें.
कोशिश करता हूँ के
रोज़ की कमस्कम,
एक तो ज़रूर पहचानूँ.
जैसे आज, मैंने अपनी
एक नई मिली किताब पर
अंग्रेज़ी और हिंदी में अपना,
काली स्याही में नाम लिखा.
Wednesday, September 14, 2011
तब आप होते हैं
अभी कुछ कभी कुछ देख,
यहाँ कुछ वहाँ कुछ सुन,
अब कुछ तब कुछ छूँ,
ये कुछ वो कुछ महक,
कल कुछ आज कुछ ज़ायके,
जब मुझे महसूस होते हैं
ख़यालों में तब आप होते हैं.
Tuesday, September 13, 2011
जीएगा कब?
बचपन में वो बड़े सवाल करता था,
जवानी उनके जवाब ढूँढने में कट गई.
आगे के साल जवाब बटोरने में बीते,
बाकी उम्र अगर उन्हें समझते बीतेगी,
तो वो जीएगा कब?
Monday, September 12, 2011
गुम
कभी लिखते हुए
स्याही ख़त्म हो जाती है,
और कभी अचानक
कलम की नोक टूट जाती है.
कभी शायद
काग़ज़ ख़त्म हो जाते हैं,
और कभी कभी
ख़याल गुम हो जाते हैं.
हर सूरत में लिखना मगर
रुक के शुरू हो सकता है.
पर क्या हो ग़र कभी,
जिस रौशनी में लिखते थे,
बेवक्त एक अनंत अँधेरे में
वो अचानक गुम हो जाए?
Sunday, September 11, 2011
क्यों
क्यों घुट रहा हूँ
क्यों मैं बंधा सा हूँ
कुछ शायद कहूँ
क्यों गूंगा सा हूँ.
कहूँ तो किस से कहूँ
भीड़ में अकेला सा हूँ
मैं चिल्ला के क्यों थकूं
न होगी कहीं एक भी
चूं.
सबके लिए मैं गूंगा हूँ
पर तुमसे एक बात कहूँ
मैं शायद ऐसा घुटता हूँ,
के खुदकी मैं ही सुनता हूँ.
Saturday, September 10, 2011
कहाँ देखा?
अक्स के अश्क देख
एक सवाल सा उठा.
न शीशा न आंसू ही
जो देखा, कहाँ देखा?
Friday, September 9, 2011
यूँ न देखें
कल श्याम दफ्तर के बाद
मैं कुछ यूँ आपको मिला के
कुछ पल ग़ौर से देख मुझे
आपकी एक हँसी छूट गयी.
आपकी हँसी से मेरा ग़ौर टूटा.
शरारती लहज़े से आपने कहा-
"जनाब, कोरे काग़ज़ को यूँ न
देखें, उसी से मुहब्बत हो जाएगी."
आपके आँखों की शरारत आपकी
हँसी के ज़रिए मुझ पर आ छलकी.
ज़ुबां बेसब्र, पल भर भी सोचे बग़ैर
कुछ इस तरह से जवाब दे बैठी.
"हुज़ूर, काग़ज़ से बस मैंने उसकी,
नज़्म-ए-फरमाइश अभी पूछी ही थी.
पर, सच मानिए, ये सोचा ही न था,
जवाब में नज़्म, खुद चली आएगी."
Thursday, September 8, 2011
चाँद-ज़मीन
इक नम ज़र्द सा चाँद आज,
आलसी बादलों से झांकता है.
बारिश अर्से बाद थमी है आज,
देखे ज़मीन क्या कर रही है.
Wednesday, September 7, 2011
काश, के कल छुट्टी होती
कल की सुबह कुछ,
दोपहर से शुरू होती
और, नाश्ते की जगह,
सब्ज़ी, दाल, रोटी होती.
एक किताब और कुछ
ग़ज़लों के साथ हमारी,
श्याम की शुरुआत होती.
दोस्तों के गप्पों के साथ,
प्याली भरके चाय होती.
फिर तैयार हो निकलते,
रात की कहीं दावत होती.
रात को कुछ देर लौट के
फिर रजाई से गुफ्तगू होती.
खैर, ये सब ख़याल भर ही,
काश, के कल छुट्टी होती.
Tuesday, September 6, 2011
सुर सात
एक धुन सुन, थके हारे
से कदम बढ़ चलते हैं.
एक तर्ज़ पर, ग़मगीन
चेहरे मुस्का उठते हैं.
ये सुर सात कुदरत के,
वक़्त को बदल सकते हैं.
Monday, September 5, 2011
चुप्पी का शोर
एक रोज़ के लिए
आज आवाज़ मेरी,
मुझे छोड़ गयी.
पल भर को रुक
सोचा मैंने, क्या ये
चुप्पी बर्दाश्त होगी.
दिन ढलने को है, जो
बर्दाश्त नहीं होता वो
इस चुप्पी का शोर है.
Sunday, September 4, 2011
फिर भी
मेरे चश्मे का नंबर ज़ीरो है, सिर्फ शौकिया पहनता हूँ.
कुछ बातें ज़रूरी नहीं होती, मगर फिर भी करता हूँ.
Saturday, September 3, 2011
हर गुज़रती श्याम
हर गुज़रती श्याम मैं, एक मिस्रे में लिख लेता हूँ।
हर श्याम जोड़ के शायद, ज़िन्दगी की ग़ज़ल बने।
Friday, September 2, 2011
ज़रा जी लूं
इक ज़िन्दा रहना ही क्या ज़रूरी है?
दो साँसों के बीच का एक पल मैं,
ज़िन्दगी से चुरा लाया हूँ आज के-
पूरा टूटके उस पल में ज़रा जी लूं.
सपने की रसोई
हर रोज़ से कुछ अलेहदा आज,
सुबह नींद बड़ी खुश गवार खुली.
चेहरे पर हलकी सी मुस्कान थी,
ज़ुबां पर बचपन के इतवार की
खुशबूदार दोपहर का ज़ायका था.
पिघलती सुबह की नींद की एक
आखरी जम्हाई लेते याद आया,
रात सपने की रसोई में माँ थी.
Newer Posts
Older Posts
Home
Subscribe to:
Posts (Atom)